बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में चुनाव प्रचार के जरिए पार्टी की उपलब्धियों और भावी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के क्रम में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने अपने स्तर पर प्रयास तेज कर दिए हैं। जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के समर्थन में जारी चुनावी बैठकों का क्रम चुनावों की तिथि नजदीक आने के साथ साथ ही गति पकड़ चुका है। इस कड़ी में जदयू के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) आरसीपी सिंह ने बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित हुई गठबंधन की कार्यकर्ता बैठक में भागीदारी की और कार्यकर्ताओं के साथ अपने अहम विचार साझा किए।
गौरतलब है कि बिहारशरीफ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र नालंदा लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। मूलतः यह बिहार के नालंदा जिले का हिस्सा है, जिसे अपने प्राचीन वैश्विक इतिहास के चलते खासी मान्यता प्राप्त है। यह विधानसभा क्षेत्र मुख्यतः बिहारशरीफ और रहुई सामुदायिक विकास खंडों का सम्मिश्रण है। राजनैतिक दृष्टिकोण से देखा जाये तो नौवें विधानसभा चुनावों तक यहां कांग्रेस का पलड़ा भारी रहा, लेकिन वर्ष 1990 के बाद से यहां राजद, जदयू और बीजेपी में चुनावी टक्कर की बहुलता दर्ज की गयी है। वर्ष 2015 में यहां हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी से डॉ सुनील कुमार ने यहां जीत की हैट्रिक लगायी, हालांकि विगत दो चुनावों में उन्होंने जनता दल यूनाइटेड से विधायक पद की जिम्मेदारी संभाली थी।